उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में देख सकेंगे ‘मानसखंड’ झांकी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर की गई स्थापित

देहरादून। दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की झांकी मानसखंड को सम्पूर्ण उत्तराखंड भ्रमण के पश्चात गढ़ी कैंट स्थित संस्कृति विभाग के हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र परिसर में स्थायी रुप से स्थापित कर दिया गया है। इस झांकी को प्रदेश की आम जनता के अवलोकनार्थ प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर डेढ़ माह तक पूरे प्रदेश में भ्रमण कराया गया था, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से मुख्यमंत्री आवास से 5 अप्रैल को किया गया था। मुख्यमंत्री ने इस झांकी को गढ़ी कैंट स्थित संस्कृति विभाग के हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र परिसर में संरक्षित रखने के निर्देश दिए थे। इस झांकी के अग्र तथा मध्य भाग में कार्बेट नेशनल पार्क में विचरण करते हुए हिरन, बारहसिंघा, घुरल, मोर तथा उत्तराखंड में पाए जाने वाली विभिन्न पक्षियों व झांकी के पृष्ठ भाग में प्रसिद्ध जागेश्वर मंदिर समूह तथा देवदार के वृक्षों को दिखाया गया था, साथ ही कुमांऊ की प्रसिद्ध लोक कला ऐपण का भी झांकी में समावेश किया गया था। बता दें कि वर्ष 2021 में गणतंत्र दिवस परेड में तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की झांकी केदारखंड को भी इसी परिसर में स्थापित किया गया है। भविष्य में प्रदेश की आम जनता की ओर से इन झांकियों का अवलोकन कभी भी किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button