मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को सचिवालय में गुरूद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने भेंट की। उन्होंने इस वर्ष आरम्भ हो रही श्री हेमकुंट साहिब यात्रा के पहले जत्थे को रवाना करने का अनुरोध किया। यात्रा का पहला जत्था 17 मई को ऋषिकेश से रवाना होगा। उन्होंने कहा कि श्री हेमकुंट साहिब के कपाट 20 मई को खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी को हेमकुंट साहिब की सुखद यात्रा की शुभकानाएं देते हुए कहा कि हेमकुंट यात्रा के लिए यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
नरेंद्रजीत सिंह ने हेमकुंट यात्रियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं के प्रति मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने यात्रा मार्ग श्री हेमकुंट साहिब गोबिंद धाम, गोबिंद घाट व अन्य स्थानों पर सरकार की ओर से किए गए अवस्थापना विकास कार्यों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब में पिछले वर्ष हेलीपेड का निर्माण किया गया है जो वर्ष 2023 में पूर्ण किया जाएगा। गोबिंद घाट से 5 किमी0 तक का सड़क मार्ग तैयार किया गया है। पुलना गांव में टैक्सी चालकों के लिए दो अलग-अलग पार्किंग का निर्माण किया गया है। गोबिंद घाट गुरूद्वारा से गांव पांडुकेश्वर की ओर नदी से सुरक्षा के लिए दीवार का कार्य भी तेजी से चल रहा है। यात्रियों की गाड़ियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से गोबिंद घाट में एक अस्थायी पार्किंग का निर्माण भी इस वर्ष किया गया है। गोबिंद पाट गुरूद्वारा हॉस्पिटल में भी एक एक्स-रे मशीन व मोबाईल पैथोलॉजी लैब सरकार की ओर से लगाई गई है। यात्रियों के लिए शुद्ध पीने के पानी के लिए एक आरओ की व्यवस्था भी की गई है। गोबिंद घाट बस स्टैंड से गुरुद्वारा जाने के लिए जो पुराना मार्ग था उसके सुधारीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।