कांग्रेसियों से अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा की

0
98

केंद्रीय पर्यवेक्षक पीएल पूनिया ने वरिष्ठ  नेताओं से की मुलाकात

देहरादून। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक पीएल पूनिया ने कांग्रेस मुख्यालय  में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।  जानकारी देते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी ने बताया कि बैठक में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह मौजूद रहे। मुलाकात करने वालों में प्रशासनिक एवं संगठनात्मक सभी जिलों के जिलाध्यक्ष एवं विधायक, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी शामिल रहे। केन्द्रीय पर्यवेक्षक पूनिया ने प्रदेश में निकट भविष्य में होने वाले  निकाय  एवं लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस की तैयारी एवं संगठन की गतिविधियों पर जिलाध्यक्षों से विस्तार पूर्वक चर्चा की। इस अवसर पर पुनिया ने कहा कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर लगातार कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व भी नजर बनाए हुए है और यहां के घटनाकर्मो के प्रति बहुत ही गम्भीर है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने होटल  में भी पर्यवेक्षक  से भेंटवार्ता की। वार्ता के दौरान  पूनिया ने सभी महत्वपूर्ण पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने एवं सधे हुए अनुशासित रवैये की अपेक्षा की है। बैठक में उपस्थित होने वाले सभी वरिष्ठ गणों का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आगामी निकाय एंव लोकसभा चुनाव में संगठित एवं मुखर होकर काम करने का संदेश दिया।  इस मौके पर प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस संघर्ष का दूसरा नाम है, प्रदेश के हालात निश्चित ही चिंताजनक है। ऐसे में निकट भविष्य में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर भ्रष्ट धामी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने से पीछे नही हटेगा।