राहुल गांधी को प्रताड़ित किए जाने के विरोध में प्रदर्शन

0
124

सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, नोक-झोंक व धक्का-मुक्की के बीच हुई गिरफ्तारी

देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रताड़ित किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में प्रदर्शन किए। प्रदेश मुख्यालय में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पक्ष में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के बाद उन्होनें सड़कों पर कूच कर दिया। कूच के दौरान जगह जगह पर पुलिस द्वारा बैरेकैंडिग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया गया, जिसको लेकर पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच नोक-झोंक व धक्का-मुक्की हुई।  कार्यकर्ताओं ने घंटाघर पर आधे घंटे तक धरना देकर चक्का जाम भी किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके पुलिस लाईन ले जाया गया।

इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं सीडब्ल्यूसी के सदस्य हरीश रावत ने कहा कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार का सबसे बड़ा हमला है। राहुल गांधी ने जो देश में चल रहा है जो देश की राजनीति में घटित हो रहा है उन्हीं बातों पर चर्चा की हैं। भारतीय जनता पार्टी बदले की भावना से राहुल गांधी का उत्पीड़न कर रही है जिसको कांग्रेस का कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेगा। कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरे देश में जेल भरो आंदोलन चलाएंगे। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और ऐसी घटनाओं के लिए लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है।  नवप्रभात ने कहा कि इस सरकार का मुकाबला एकजुटता के साथ करना होगा और इस सरकार की जनविरोधी नीतियों को पर्दाफाश करना होगा और जनता के बीच में जाकर जिस तरह से सरकार नेताओं का उत्पीड़न कर रही है उसका भंडाफोड़ करना होगा। इस अवसर पर विधायक ममता राकेश, फुरकान अहमद, विक्रम नेगी, रवि बहादुर, वीरेन्द्र जाति, अनुपमा रावत, पूर्व काबीना मंत्री राजेन्द्र भण्डारी, उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, सूर्यकांत धस्माना, पीके अग्रवाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, अमरजीत सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, शीशपाल बिष्ट, लालचंद शर्मा, दीप बोहरा, मोहन काला आदि मौजूद रहे।