बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित
देहरादून। भाजपा मुख्यालय में बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान हम सबके लिए महतवपूर्ण है, लेकिन चुनाव जीतने के साथ हमें जीत के साथ-साथ जनता का दिल भी जीतना है।
प्रदेश मुख्यालय मे आयोजित बूथ सशक्तिकरण अभियान पर आयोजित कार्यशाला में उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास होता है कि अमीर-गरीब की खाई को समाप्त कर दोनो एक साथ बैठें। एक भारत श्रेष्ठ भारत हमारी परिकल्पना का आधार है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास लेकर हमें बूथ से लेकर पन्ना टोली तक सजगता के साथ कार्य करना है ताकि पार्टी नित निरंतर उत्थान करती रहे।
गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर टोली बनी हुई है। उत्तराखंड में प्रदेश व जिला स्तर पर यह महत्वपूर्ण टोली बन चुकी है। अब मंडल स्तर तक टोली का प्रबंधन होगा। इसके लिए हमारे सभी पदाधिकारी कार्यशाला से प्रशिक्षित होकर क्षेत्रों तक अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने बूथ सशक्तिकरण अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान सांगठनिक प्रभाव को बढ़ाने के सबसे बड़े कारण होते है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़े संगठन के रूप में स्थापित हों और बूथ के माध्यम से हम अपने संगठन को गांव-गांव तक प्रभावी बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि चम्पावत जैसे जनपद में 94 प्रतिशत बूथ प्रबंधन किया जा चुका है, ऐसे में हमें स्थानीय निकायों, केन्द्र व राज्य के कामों के साथ-साथ बजट पर गांव-गांव तक चर्चा करनी चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि हम सबको एक स्पष्ट दृष्टिकोण रखकर संगठन के विकास के लिए कार्य करना है। संगठन की मजबूती मजबूत कार्यकर्ता पर आधारित होती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट तथा संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री खिलेन्द्र चौधरी सहित समस्त प्रदेश पदाधिकारी जिलाध्यक्ष जिला प्रभारी जिला सह प्रभारी मोर्चों के सभी प्रदेश अध्यक्ष बूथ सशक्तिकरण अभियान की प्रदेश एवं जिलों की टोली ने भाग लिया। प्रदेश प्रभारी गौतम ने प्रदेश की टोली बैठक एवं जिलाध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक की।