विकास की एक नई इबारत लिख रही है प्रदेश सरकार: महाराज

0
286

प्रभारी मंत्री ने हरिद्वार व रुड़की जिला भाजपा कार्यसमिति में किया प्रतिभाग

रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य हिमालयी संकल्प के साथ विकास की नई इबारत लिख रहा है। राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार शहीद राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करते हुए प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढा रही है।

ये बात जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को शहीद राजा विजय सिंह स्मारक, कुंजा बहादुरपुर में रुड़की भाजपा जिला कार्यसमिति में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में नकल पर नकेल डालने के लिए राज्यपाल की ओर से उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अध्यादेश 2023 को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही ये अध्यादेश प्रदेश में लागू हो गया है। इस अध्यादेश में दोषियों के विरूद्ध सख्त प्रावधान किए गए हैं। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 फीसदी क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था के लिए कानून बनाया गया है इसके अलावा धर्मांतरण के लिए भी सख्त कानून बनाया गया है।

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। क्षेत्र पंचायत प्रमुख को खंड विकास अधिकारी की एवं जिला पंचायत अध्यक्ष को मुख्य विकास अधिकारी और अपर मुख्य विकास अधिकारी की चरित्र प्रविष्टि लिखने का अधिकार दिया गया है। ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव कराने पर विचार किया जा रहा है। पंचायत भवनों को दीनदयाल मिनी सचिवालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। महाराज ने बताया कि एक हजार नौ सौ तीस करोड़ से टिहरी झील डेवेलपमेंट का काम किया जा रहा है। इस अवसर पर रुड़की भाजपा के प्रदेश महामंत्री खिलेन्द्र चौधरी, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला महामन्त्री प्रवीन सिन्धु, अरविन्द गौतम, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, रानी देवलता, राजपाल और दिनेश पवार सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।