महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण का सृजन करें: राधा

0
267

कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न रोकने विषय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल के सौजन्य से जनपद के दून लाइब्रेरी सभागार हॉल में जनपद के विभिन्न विभागीय अधिकारियों के लिए कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध तथा निवारण)  अधिनियम 2013 के संदर्भ में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने में समाज, कार्मिकों एवं कार्यालयाध्यक्षों की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि कार्यस्थल पर इस प्रकार के वातावरण का सृजन किया जाए कि महिलाएं सहज रूप से अपनी सम्पूर्ण क्षमता से कार्य कर सकें। विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान ने जनपद के समस्त अधिकारियों से अपेक्षा की कि अधिनियम में कार्यालयाध्यक्षों तथा कार्मिकों से अपेक्षित व्यवहार के संबंध में सभी कार्मिकों से चर्चा की जाए। कार्यक्रम में प्रशासन अकादमी से प्रशिक्षक के रूप में डॉ. मंजु ढौंडियाल, विशेष कार्याधिकारी व पूनम पाठक, उप निदेशक की ओर से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को कार्यस्थल में महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिनियम के अंतर्गत गठित विभिन्न समितियों के गठन कार्यकरण के विषय में विस्तार से जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आरसी तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत, जिला पंचायतराज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, पंचायत, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग, लघु सिंचाई सहित कुल 71 अधिकारियों-कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। अपर मुख्य सचिव ने इस अवसर पर प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले कार्मिकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।