सरकारी नौकरी में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण पर भाजपा महिला मोर्चा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में महिलाओं को सरकारी नौकरी में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किए जाने पर भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा, विभिन्न सामाजिक संगठन, बड़ी संख्या में मौजूद छात्राओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोई राज्य एवं समाज तभी विकसित हो सकता है, जब हमारी मातृशक्ति सशक्त हो। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की ओर से निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। संपूर्ण देश में महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने का कार्य हो रहा है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संपूर्ण प्रदेश में महिलाओं का मान सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा पंचायतों से लेकर नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। आज महिलाएं पंचायत स्तर पर अपने गांव को सशक्त करने का कार्य कर रही है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री गीता रावत ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार की ओर से ‘मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना और पोषण अभियान जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसका लाभ महिलाओं को मिल रहा है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी नेहा शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका रही थी उसी प्रकार आज राज्य के विकास में महिलाएं अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं का यह अधिकार है कि यह महिलाएं विभिन्न विषम परिस्थितियों से निकलकर सरकारी नौकरी के लिए प्रयास करके आगे बढ़ती हैं। उत्तराखंड की सरकारी नौकरियों पर इनका विशेष अधिकार है जो कि मुख्यमंत्री जी ने उन्हें दिया है इस विषय पर भाजपा महिला मोर्चा व सभी महिलाएं उनका हार्दिक आभार धन्यवाद व्यक्त करती हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजयुमो नेहा जोशी, रुचि भट्ट, कमली भट्ट, गीता चमोली, सरला खंडूड़ी, विमला नौटियाल, भावना शर्मा, मधु भट्ट एवं अन्य लोग मौजूद रहे।