जोशीमठ आपदा पीड़ितों के साथ खड़े होने पर प्रतिबद्धता: कौशिक

0
125

राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में धामी सरकार कार्यों की हुई सराहना

देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यसमिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा के साथ प्रदेश की जोशीमठ आपदा में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होने की प्रतिबद्धता जताई गई है।

भाजपा कार्यालय मे पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में भारत की दुनिया में निर्णायक, दूरदर्शी, सशक्त व सजग राष्ट्र की छवि विकसित होने के लिए मोदी जी का आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी 9 राज्यों के चुनावों में जीत की योजना व संकल्प पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में आर्थिक विकास के साथ साथ एक भारत, श्रेष्ठ भारत, मन की बात, हर घर तिरंगा जैसे अनेकों सांस्कृतिक सामाजिक कार्यक्रमों की भी प्रशंसा की गई। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में भारत को दुनिया की पांचवी आर्थिक शक्ति बनने, शंघाई सम्मेलन व G 20 की अध्यक्षता मिलने को गौरवशाली उपलब्धि बताया। 2 कार्यक्रमों का ऋषिकेश उत्तराखंड में होना हमारे लिए गौरवशाली अवसर लेकर आया है। मदन कौशिक ने कहा कि जोशीमठ में भूधसांव की समस्या, वैज्ञानिक सर्वेक्षण और सरकार व संगठन की ओर से राहत कार्यो की जानकारी भी कार्यसमिति के सभी सदस्यों को दी गई। आपदा को लेकर विस्तार से चर्चा के बाद कार्यसमिति ने जोशीमठ के लोगों को यथा संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए विशेषज्ञ समितियों के निष्कर्ष अनुसार समस्या के स्थायी समाधान की दृष्टि से काम करने के लिए आश्वस्त किया। कौशिक ने कहा कि बैठक में भाजपा शाषित राज्यों में चल रही विकास की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही कई योजनाओं की सराहना कर योजनाओं को अन्य राज्यों के लिए रोल मॉडल बताया। पत्रकार वार्ता में पार्टी प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश कार्यलय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, नवीन ठाकुर, सुनीता विद्यार्थी, राजेन्द्र सिंह नेगी आदि पदाधिकारी मौजूद थे।