कैराना। झारखंड के गिरिडीह जनपद में स्थित श्री सम्मेद शिखर जी पारसनाथ पर्वत राज को पर्यटन स्थल घोषित किये जाने के विरोध में जैन समाज की महिलाएं एवं पुरुषों ने नगर में पैदल मार्च करते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम कैराना को सौंपा।
झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित श्री सम्मेद शिखर जी को पर्यटन स्थल घोषित किये जाने से आक्रोशित जैन समाज के लोगो द्वारा बुधवार को श्री दिगम्बर जैन सभा के नेतृत्व में कस्बे में पैदल मार्च निकाला गया। पैदल मार्च में शामिल जैन समाज की महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग तथा नौजवान अपने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। वह सरकार द्वारा पारसनाथ पर्वत राज के सम्बंध में जारी की गई अधिसूचना को निरस्त किये जाने की मांग कर रहे थे। पैदल मार्च नगर के आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर शुरू होकर कस्बे की गलियों से होते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचा। जहां पर जैन समाज के लोगो ने प्रदर्शन करते हुए देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक तीन सूत्रीय ज्ञापन-पत्र एसडीएम शिवप्रकाश यादव को सौंपा गया। ज्ञापन-पत्र में बताया गया कि झारखंड राज्य के गिरिडीह जनपद में स्थित पारसनाथ पर्वतराज विश्वभर के जैन समाज के लोगो के लिए सबसे पवित्र स्थान है। क्योंकि यहां पर जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ समेत कुल 20 तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया है। सरकार द्वारा इसे पर्यटन स्थल घोषित किये जाने के संदर्भ में जारी की गई अधिसूचना से जैन धर्म की आस्थाओं पर गहरा कुठाराघात पहुंचा है। ज्ञापन-पत्र में मांग की गई है कि पारसनाथ पर्वत राज को वन्य जीव अभ्यारण्य पर्यावरण पर्यटन के लिए घोषित ईको सेंसेटिव जोन के अंतर्गत जारी सूची से बाहर किया जाए। तीर्थराज की पवित्रता एवं पहचान को नष्ट करने वाली केंद्रीय वन मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना को अविलंब रद्द किया जाए। साथ ही, पर्वतराज से वनों के अवैध कटान, पत्थरों के अवैध खनन, मद्यपान एवं मांसाहार के सेवन पर पूर्णतयः रोक लगाई जाए। ज्ञापन-पत्र में महामहिम राष्ट्रपति से जैन समाज के लोगो के साथ न्याय किये जाने की अपेक्षा की गई है। इस दौरान प्रद्युमन जैन, संजीव जैन, एडवोकेट शगुन मित्तल, विपुल जैन, नितिन जैन, नीरज जैन सहित भारी संख्या में जैन धर्म के महिलाओं व पुरुषों ने उपस्थित रह कर अपनी नाराज़गी दर्ज करते हुए ज्ञापन सौंपा।
रिर्पोट:- सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी जनपद शामली उ०प्र०।