सत्र मात्र दो दिन चलाना राज्य की जनता के साथ धोखाः माहरा

0
117

कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने विधानसभा सत्र को मात्र दो दिन चलाये जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धामी सरकार ने पॉच दिन चलने वाले सत्र को मात्र दो दिन चलाकर इति श्री कर दी। माहरा ने कहा कि जो सत्र गैससैंण में होना चाहिए था जनभावनाओं के विरूद्व जाकर धामी सरकार ने  अपनी हनक के चलते उसे जबरन देहरादून में आहूत करवाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों द्वारा 619 प्रश्न लगाए गए थे क्या संभव है दो दिन के सत्र में इतने प्रश्नों के जबाव दिये जा सके? उन्होेंने कहा कि विधानसभा सत्र बडे लम्बे अन्तराल के बाद आता है उसमें भी राज्य को इतने संवेदनहीन मुख्यमंत्री मिले हैं कि सत्र के दौरान विधानसभा में उपस्थित होने के बजाय दिल्ली नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए चले जाते हैं। करन माहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा सत्र को छोड़कर दिल्ली चले गये और सत्र के दौरान जवाब देने के लिए प्रतिनिधि के रूप में पहले से ही विधानसभा बैकडोर नियुक्तियों में विवादित रहे मंत्री को जिम्मेदारी दे दी जो  खुद सवालों के घेरे में है।
करन माहरा ने विधानसभा अध्यक्ष का आज का बयान दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सत्र चलाना बेईमानी नही सत्र ना चलाना जनता के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सदन गतिमान था और देहरादून के कार्गी चौक पर बदमाशों ने नवीं में पढ़ने वाली छात्रा पर खुलेआम फायरिंग झौंक दी। उन्होंने कहा पिछले आठ महिनों में राज्यभर मेें 269 महिलाओं के अपहरण, 139 हत्याएं, 554 दुष्कर्म के मामले सामने आये हैं। जो कि औसतन दो दुष्कर्म प्रतिदिन होना देवभूमि के लिए शर्मनाक है।