बारिश  के चलते रुकी केदारनाथ यात्रा, ठंड से ठिठुरे धाम में श्रद्धालु

0
234

रुद्रप्रयाग। सोमवार सुबह केदारघाटी के साथ ही जिले में लगातार बारिश जारी है। बारिश के कारण प्रशासन ने सोनप्रयाग में केदारनाथ यात्रा रोक दी है। वहां पहुंचे भक्त भारी ठण्ड में बाबा के दर्शन कर रहे हैं। बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को इस बार कई दफा बाधित होना पड़ा है। केदारनाथ यात्रा 6 मई को शुरू हुई थी। इस बार बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ रही है। अब तक करीब 3 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
रविवार को ऊंची चोटियों पर हिमपात के बाद सोमवार को भी चमोली जिले में भी मौसम खराब बना हुआ है। यहां बारिश हो रही है। हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ और केदारनााथ धाम में चोटियों पर हुई। रविवार की रात को यमुनोत्री क्षेत्र में वर्षा और बर्फबारी हुई है। यमुनोत्री धाम में भी रात को हल्की बर्फबारी हुई। यमुनोत्री धाम की आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक चुकी हैं। जिसके कारण यमुनोत्री धाम में ठंड भी अधिक बढ़ गई है।कई दिन से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए बारिश एवं कुछ जगह पर हुई ओलावृष्टि राहत लेकर आई है। सुबह के समय चल रही ठंडी हवाओं के चलते एसी, कूलर, पंखे तक बंद करने पड़े। मई के महीने में हवाओं ने फरवरी जैसा अहसास कराया। हालांकि बारिश के कारण आम, लीची आदि की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इस समय आम की फसल की शुरुआत हुई है। जून के अंत तक ही फसल के पकने की उम्मीद है। ऐसे में तेज आंधी से फसल पेड़ों से गिर गई है।