डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का विकास किया :डॉक्टर भसीन

0
270

विकासनगर। पछुवादून दौरे पर आए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस पर प्रदेश का विनाश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का विकास किया है, जबकि कांग्रेस की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का विनाश किया था।
डा. भसीन ने कहा कि भाजपा से पहले कांग्रेस की भी डबल इंजन की सरकार थी, लेकिन उस डबल इंजन की सरकार ने वाजपेयी सरकार की आर्थिक रियायतों को समाप्त कर प्रदेश के विकास को ठप कर दिया। केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के आने के बाद प्रदेश के विकास को रफ्तार मिली है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। कहा कि कांग्रेस इन दिनों जो पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान दिखा रही है, वह सिर्फ चुनावी स्टंट है। सर्जिकल स्ट्राइक के प्रमाण मांग कर सेना के शौर्य पर अविश्वास जताने वाली कांग्रेस ने हमेशा सेना और सैनिकों का अपमान किया है। कहा कि कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को दशकों तक लटकाए रखा। लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार आते ही ओआरपी लागू कर दिया गया। जम्मू कश्मीर में भारतीय जवानों की तुलना आतंकवादियों से करने वाली कांग्रेस चुनाव नजदीक आते ही सैनिकों के सम्मान का ढ़ोंग कर रही है। कहा कि वर्ष 2025 तक उत्तराखंड का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य डबल इंजन की सरकार ने रखा है। प्रधानमंत्री मोदी खुद मानते हैं कि वर्तमान दशक उत्तराखंड के विकास का है। इस बार प्रदेश की जनता भी इतिहास बदलने जा रही है। इस बार हर पांच साल में सरकार बदलने का क्रम टूटेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार दुबारा सत्ता में आएगी। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, जिलाध्यक्ष शमशेर पुंडीर, अरुण मित्तल, अमित डबराल, सुमन कासव, गौरव चावला, अनुज गुलेरिया, सुखदेव फर्सवाण आदि मौजूद रहे।