देहरादून 17 दिसंबर। राज्य निर्माण आंदोलनकारी रहे जयपाल सिंह रावत का निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। विभिन्न संगठनों से जुड़े राज्य आंदोलकारियों ने उनके निधन पर शोक जताया है। उनका अलग राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान था। मूल रूप से पौड़ी जिले के दुगड्डा ब्लाक के सिमलना गांव निवासी जयपाल सिंह रावत का परिवार वर्तमान में भंडारी बाग में रहता है। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार को अस्पताल में उनका निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। आपको बता दें कि राज्य आंदोलन के दौरान जयपाल सिंह रावत ने अहम योगदान दिया। जेल भरो आंदोलन से लेकर आंदोलनकारियों की विभिन्न बैठकों में वह सक्रिय रहे। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।