कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से की शिष्टाचार भेंट
देहरादून 02 फरवरी,2026 । उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री
गणेश जोशी ने आज लोक भवन, देहरादून में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान राज्य के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समसामयिक विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।
कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने राज्यपाल को विभागीय गतिविधियों, वर्तमान योजनाओं एवं भविष्य की विकासपरक रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंत्री श्री गणेश जोशी को राज्य में चल रही विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुशासन, सामाजिक समरसता एवं नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार राज्य की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्य की सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।


