पहल: महिला पुलिस कार्मिक दे रहीं छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

0
334


पौड़ी गढ़वाल, 12 अक्तूबर।
उत्तराखंड पुलिस अपनी कार्यशैली के कारण लगातार देश में नई मिसाल कायम कर रही है। इसी कड़ी में अब पौड़ी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पी.रेणुका देवी ने स्कूल/कॉलेजों की छात्राओं के लिये एक नई पहल शुरू की है। इसमें प्रशिक्षित महिला पुलिस कार्मिक छात्राओं को आत्मरक्षा के लिये प्रशिक्षण दे रही हैं।
एसएसपी सुश्री रेणुका ने यह अनूठी पहल “नारी सशक्त-देश सशक्त” की थीम पर महिला पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना जागृत करने हेतु कार्य योजना शुरू की। इसमें प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत स्कूल, कॉलेज और विभिन्न कार्यालयों में कार्य करने वाली युवतियों तथा महिलाओं को आत्म रक्षा हेतु प्रशिक्षण देने हेतु निर्देशित किया है। इस श्रंखला में मंगलवार को लक्ष्मणझूला, सतपुली एवं थलीसैण की प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला, राजकीय इंटर कॉलेज घेरुवा, राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतपुली और राजकीय इंटर कॉलेज वगवाड़ी में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा के लिये प्रशिक्षण दिया।
एसएसपी बताती हैं कि आत्म रक्षार्थ प्रशिक्षण में छात्राओं को पंच बांधना, शरीर की कमजोर कड़ी पर वार करना, किसी की पकड़ से खुद को छुड़ाने के साथ पैरों से वार करना आदि की तकनीक बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके साथ छात्राओं को बढ़ते अपराधों की रोकथाम, महिला अपराध, मानव तस्कारी, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों व आपतकालीन नम्बर डायल-112 आदि के बारे में जानकारी दी गयी एवं बताया गया कि यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार या छेड़छाड़ करता है तो इस तरह की घटनाओं को कदापि नजर अंदाज न करें, इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को दें।
सुश्री रेणुका ने बताया कि इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड़ गाइडलाइंस का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद के स्कूलों, कॉलेजो में आत्मरक्षा प्रशिक्षण का कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा।