समाजसेवी योगेश अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन अग्रवाल का निधन, नेत्रदान कर रची मानवता की मिसाल
देहरादून 02 फरवरी,2026 ।
देवभूमि उत्तरांचल के प्रथम मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी, भारत विकास परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी, भारत भारती संस्था के संयोजक, होप सामाजिक संस्था के महासचिव, अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी एवं 131 बार के रक्तदानी श्री योगेश अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन अग्रवाल का आज प्रातः लगभग 4:00 बजे ईश्वर प्रदत्त श्वासों को पूर्ण कर निधन हो गया। वे ब्रह्मलीन हो गईं।
दिवंगत श्रीमती सुमन अग्रवाल की इच्छाओं का सम्मान करते हुए श्री योगेश अग्रवाल द्वारा उनके नेत्रों का दान मानवता की सेवा हेतु सम्पन्न कराया गया। दधीचि देहदान समिति ने इस कठिन घड़ी में इस पुण्य कार्य के लिए श्री योगेश अग्रवाल को नमन करते हुए इसे मानवता के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताया। नेत्रदान के माध्यम से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को नया प्रकाश मिलने की आशा व्यक्त की गई।
दधीचि देहदान समिति एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे श्री योगेश अग्रवाल को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
श्रीमती सुमन अग्रवाल के अंतिम संस्कार में अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यमंत्री श्याम अग्रवाल, मुख्यमंत्री के पीआरओ राजेश सेठी, पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’, महानगर संघचालक चंद्रगुप्त विक्रम, पार्षद आलोक कुमार, गरिमा पुंडीर, रेडक्रॉस के चेयरमैन डॉ. एम.एस. अंसारी, बार काउंसिल चेयरमैन राकेश गुप्ता, बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा ‘बंटू’, अपराध निरोधक समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा भाटिया, सरदार गुरजीत सिंह, अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बैरी, देहरादून एस.एस. कोठियाल, जनकल्याण अस्पताल के स्वामी डॉ. संदीप आहूजा, पूर्व पुलिस अधिकारी पुष्पक ज्योति (IPS), अधिवक्ता नरेश मित्तल, अधिवक्ता संग्राम सिंह पुंडीर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय वन व्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल, रोशन लाल अग्रवाल, दून व्यापार संगठन के प्रमुख राजेन्द्र अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक, प्रशासनिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समस्त सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने इस दुःखद अवसर पर श्री योगेश अग्रवाल के साथ संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।


