हरिद्वार में अमित शाह ने 1129.91 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

हरिद्वार 07 मार्च 
। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने शनिवार को हरिद्वार में 1129.91 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान 1014.81 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं का शिलान्यास तथा 115.10 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
17 योजनाओं का लोकार्पण
लोकार्पित परियोजनाओं में सहकारिता विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत 14 करोड़ रुपये की लागत से टीएमआर प्लांट का लोकार्पण किया गया।
गृह (पुलिस) विभाग के तहत देहरादून पुलिस लाइन में 18.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 46 आवासीय भवनों, पौड़ी गढ़वाल पुलिस लाइन में बहुउद्देशीय भवन और उत्तरकाशी के धरासू थाने के प्रशासनिक भवन (6.55 करोड़ रुपये) तथा पौड़ी के लक्ष्मणझूला, लैंसडाउन और उत्तरकाशी के धरासू में 5.48 करोड़ रुपये की लागत से बने 18 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।
टिहरी गढ़वाल के पीटीसी नरेंद्रनगर में 5.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एकेडमिक ब्लॉक और राजपत्रित छात्रावास का भी उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही नैनीताल के चोरगलिया और काठगोदाम तथा टिहरी के कीर्तिनगर और मुनि की रेती में 12.75 करोड़ रुपये की लागत से बने 48 पुलिस आवासों का लोकार्पण किया गया।
देहरादून में आईआरबी द्वितीय में 14.36 करोड़ रुपये की लागत से आरटीसी के प्रशासनिक भवन व अवसंरचनात्मक कार्यों, अल्मोड़ा के रानीखेत व द्वाराहाट तथा बागेश्वर के कपकोट में 6.98 करोड़ रुपये की लागत से बने 18 आवासीय भवनों और चंपावत, टनकपुर व लोहाघाट में 7.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 18 पुलिस आवासों का भी लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा कारागार विभाग के अंतर्गत हरिद्वार जिला कारागार में 9.16 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय भवन, 4.90 करोड़ रुपये की लागत से हाई सिक्योरिटी बैरक, देहरादून और हरिद्वार जेलों में वीसी क्यूबिकल्स तथा रुड़की और हल्द्वानी उपकारागारों में वीसी क्यूबिकल्स का भी लोकार्पण किया गया।
होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत टिहरी गढ़वाल (2.63 करोड़ रुपये) और पिथौरागढ़ (2.48 करोड़ रुपये) में जिला कमांडेंट कार्यालयों के अनावासीय भवनों का भी उद्घाटन किया गया।
22 योजनाओं का शिलान्यास
इस अवसर पर अमित शाह ने 1014.81 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें सहकारिता विभाग के तहत 20 करोड़ रुपये की लागत से सहकारी समितियों के निबंधक कार्यालय के मुख्यालय भवन का निर्माण शामिल है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के तहत विश्व बैंक पोषित योजनाओं के अंतर्गत अल्मोड़ा में कोसी नदी पर मोटर पुल, चमोली में अलकनंदा नदी पर मोटर पुल, ज्योतिर्मठ में ड्रेनेज कार्य तथा 516.98 करोड़ रुपये की लागत से भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्रों में स्लोप स्टेबलाइजेशन के कार्यों का शिलान्यास किया गया।
गृह (पुलिस) विभाग के तहत देहरादून पुलिस लाइन में 155.45 करोड़ रुपये की लागत से 360 आवासीय भवन और आईआरबी द्वितीय में 54.04 करोड़ रुपये की लागत से 120 आवासीय भवनों के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त अभियोजन विभाग के हरिद्वार कार्यालय भवन, विभिन्न जिलों में कारागारों के आवासीय भवन, बैरक और वीसी क्यूबिकल्स के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
नियोजन (यूआईआईडीबी) विभाग के अंतर्गत हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत 43.25 करोड़ रुपये की लागत से रोडीबेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास और 60.34 करोड़ रुपये की लागत से सती कुंड पुनर्विकास कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इन परियोजनाओं से राज्य में पुलिस, आपदा प्रबंधन, कारागार, सहकारिता और बुनियादी ढांचे से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।


